Bihar Panchayat Election : (विवेक कुमार सिंह) बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्य में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएंगे. इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आरक्षण रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है.
पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री का बड़ा बयान
शुक्रवार को सीवान शहर के गोपालगंज मोड़ स्थित परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं और आरक्षण रोस्टर तैयार करने का कार्य जारी है.
Siwan News : पंचायतों में विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर जोर
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सरकार काम कर रही है. पंचायतों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार चाहती है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और नौकरी का लक्ष्य- Deepak Prakash
मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने दावा किया कि आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है.
संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिए पहुंचे सीवान
मंत्री ने बताया कि वे राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने तथा संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के लिए सीवान आए हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं और संगठन की स्थिति की जानकारी भी ली जा रही है.
Bihar Panchayat News: सुप्रीम कोर्ट के नोटिस पर क्या बोले मंत्री
बिना विधायक या विधान परिषद सदस्य बने दूसरी बार मंत्री बनाए जाने और सुप्रीम कोर्ट द्वारा नोटिस जारी किए जाने संबंधी सवाल पर दीपक प्रकाश ने कहा कि उन्हें अब तक कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि नोटिस मिलने के बाद कानूनी पहलुओं का अध्ययन कर उचित जवाब दिया जाएगा.
Bihar Panchayat Chunav :कई नेताओं की रही मौजूदगी
प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अब्दुल रिजवान, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष स्मृति कुमुद, अभिषेक कुमार समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
पूर्व मुखिया के परिजनों से की मुलाकात
प्रेस वार्ता के बाद मंत्री महाराजगंज प्रखंड के देवरिया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व मुखिया स्वर्गीय आजादी बाबू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. कुछ दिनों पहले हृदयाघात से आजादी बाबू का निधन हो गया था.
पुण्यतिथि समारोह में दी श्रद्धांजलि
इसके बाद मंत्री सदर प्रखंड के भंटा पोखर गांव पहुंचे और स्वर्गीय हरेंद्र भगत की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने दिवंगत नेता के योगदान को याद किया.
बीमार नेता का जाना हालचाल
मंत्री दीपक प्रकाश ने ओरमा गांव पहुंचकर लाल बाबू कुशवाहा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
