Siwan News : पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को आहूत बिहार बंद का महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय में खास असर नहीं दिखा. शहर में जनजीवन सामान्य रहा और अधिकांश दुकानें खुली रहीं. लोगों ने रोजमर्रा की तरह खरीदारी की, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती.
प्रमुख बाजारों में खुली रहीं दुकानें
शनिवार सुबह से ही राजेंद्र चौक, नया बाजार, काजी बाजार, मोहन बाजार, सिहौता बाजार और नखास चौक समेत शहर के विभिन्न बाजारों में दुकानें खुली रहीं. बाजारों में सामान्य दिनों की तरह खरीदारी होती रही और बंद का व्यापक प्रभाव देखने को नहीं मिला.
पुलिस रही अलर्ट, पूरे दिन चलता रहा गश्ती अभियान
बिहार बंद को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा. शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दिनभर पुलिस गश्त करती रही.
अन्य जिलों की हिंसा रही चर्चा का विषय
बंद के दौरान सिवान, छपरा और अन्य जिलों में हुई हिंसक घटनाओं को लेकर शहर में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा. हालांकि महाराजगंज में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही.
शिक्षण संस्थान रहे बंद
बिहार बंद के मद्देनजर महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान बंद रहे. इसके अलावा पूरे दिन क्षेत्र में शांति और विधि-व्यवस्था बनी रही.
Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर
