Siwan News : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में प्रखंड क्षेत्र की करीब 85 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गयी.
खून, शुगर और ब्लड प्रेशर समेत हुई कई जांच
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नाजिश आफताब की देखरेख में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की. इस दौरान खून, शुगर और ब्लड प्रेशर समेत अन्य आवश्यक जांच की गयी. जांच के बाद महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सलाह भी दी गयी.
गर्भवती महिलाओं को दिया गया पौष्टिक आहार का संदेश
शिविर में शामिल गर्भवती महिलाओं को अल्पाहार भी उपलब्ध कराया गया. चिकित्सकों ने गर्भावस्था के दौरान संतुलित और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी. साथ ही नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने के लिए जागरूक किया गया.
प्रसव के दौरान जटिलताओं से बचाव की दी जानकारी
चिकित्सकों ने महिलाओं को प्रसव के दौरान और प्रसव के बाद होने वाली संभावित जटिलताओं के प्रति भी जागरूक किया. उन्हें समय पर चिकित्सकीय सुविधा लेने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गयी.
मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करना अभियान का उद्देश्य
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है. नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से गर्भावस्था के दौरान होने वाली कई जटिलताओं की पहचान और प्रबंधन संभव है.
शिविर में स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद
मौके पर प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक रूबी कुमारी, प्रखंड लेखपाल प्रकाश चंदन, परामर्शदाता नीलोतम कुमार, एएनएम सोनी कुमारी, अनामिका कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
