सीवान के बड़हरिया में 20-सूत्री समिति की बैठक, शिक्षा, आंगनबाड़ी और पीडीएस की जांच का प्रस्ताव

Government Schemes: बड़हरिया प्रखंड कार्यालय में 20-सूत्री समिति की बैठक संपन्न हुई. बैठक में शिक्षा, आंगनबाड़ी, और पीडीएस योजनाओं में अनियमितताओं पर सवाल उठे और जांच दल गठित करने का प्रस्ताव रखा गया. साथ ही, अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई गई.

Government Schemes: बड़हरिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष माधव सिंह ने की, जबकि विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल उपस्थित रहे. संचालन बीडीओ संदीप कुमार ने किया. बैठक में प्रखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गयी.

शिक्षा, आंगनबाड़ी और पीडीएस पर उठे सवाल

बैठक के दौरान सदस्यों ने स्कूलों में दोपहर बाद विद्यार्थियों की घटती उपस्थिति का मुद्दा उठाया. इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितता और जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों पर लाभुकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायत भी सामने आयी.

मनरेगा में मजदूरों की फर्जी हाजिरी का मामला भी सदस्यों ने उठाया. इन सभी मामलों की जांच के लिए संबंधित पदाधिकारियों और 20-सूत्री समिति के सदस्यों को शामिल कर जांच टीम गठित करने का प्रस्ताव रखा गया.

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जतायी नाराजगी

बैठक में सीडीपीओ, बिजली कंपनी के जेई सहित कुछ विभागों के अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी जतायी. अगली बैठक में सीडीपीओ के अनुपस्थित रहने पर कारणपृच्छा की कार्रवाई करने का प्रस्ताव रखा गया.

अध्यक्ष माधव सिंह ने बिजली कंपनी के जेई द्वारा फोन नहीं उठाने का मामला भी उठाया. सदस्यों ने क्षेत्र की जर्जर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की.

बसों के ठहराव और यूरिया की कीमत पर भी चर्चा

बैठक में थाना के समीप बसों के ठहराव के कारण लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की. इसके अलावा किसानों को महंगे दाम पर यूरिया खाद मिलने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया.

20-सूत्री कार्यक्रम के महत्व पर विधायक ने रखी बात

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल ने कहा कि 20-सूत्री कार्यक्रम सामाजिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. इसका उद्देश्य सामाजिक समानता, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के साथ कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है. उन्होंने अधिकारियों और समिति के सदस्यों से योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया.

बैठक में सीओ मनीष कुमार, बीडीओ संदीप कुमार, बीईओ राजीव कुमार पांडेय, एमओ मुन्ना कुमार, बीएओ बृजकिशोर कुशवाहा, बीसीओ रितेश रंजन, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विकास मिश्र, मनरेगा पीओ राजेश सिंह, प्रखंड समन्वयक स्वच्छता शकील अहमद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

मौके पर 20-सूत्री समिति के सदस्य सत्येंद्र सिऔह, देवेंद्र सिंह, शिवमाया प्रसाद, उमाशंकर सिंह, परमा मांझी, सुनील चौधरी समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >