सीवान के स्कूल में अचानक गिरा बरगद का पेड़, बाल-बाल बचे बच्चे; भोजन के बाद कक्षाओं में गये थे छात्र

सदर प्रखंड के एक राजकीय मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन के बाद एक विशाल बरगद का पेड़ अचानक गिर गया. गनीमत रही कि बच्चे कक्षाओं में जा चुके थे, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया. शिक्षकों ने परिसर में लगे पुराने पेड़ों की जांच की मांग की है.

सदर प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय श्यामपुर-भंटापोखर में मंगलवार को मध्याह्न भोजन के बाद विद्यालय परिसर में एक विशाल पुराने बरगद के पेड़ का हिस्सा अचानक गिर गया. पेड़ गिरने की जोरदार आवाज से विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी.

संयोग रहा कि मध्याह्न भोजन समाप्त होने के बाद बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में जा चुके थे. यदि पेड़ भोजन के समय गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना में किसी बच्चे या शिक्षक के घायल होने की सूचना नहीं है.

भोजन के बाद कक्षाओं में चले गये थे बच्चे

प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि भगवान की कृपा रही कि मध्याह्न भोजन के बाद बच्चे कक्षाओं में चले गये थे. भोजन के दौरान पेड़ गिरने की स्थिति में बड़ी घटना हो सकती थी.

उन्होंने बताया कि घटना में विद्यालय परिवार पूरी तरह सुरक्षित है. पेड़ का हिस्सा गिरने के बाद विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों ने स्थिति का जायजा लिया.

पुराना था बरगद का पेड़, जड़ें हो गयी थीं कमजोर

विद्यालय के शिक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बरगद का पेड़ काफी पुराना था और उसकी जड़ें कमजोर हो गयी थीं. बारिश के बाद मिट्टी के ढीली होने से पेड़ के गिरने का खतरा और बढ़ गया होगा.

उन्होंने विद्यालय परिसर में मौजूद अन्य पुराने और जोखिम वाले पेड़ों की भी जांच कराने की आवश्यकता जतायी, ताकि भविष्य में किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

पुराने पेड़ों की जांच कराने की मांग

विद्यालय में कार्यरत शिक्षक रमेश प्रसाद, कमलेश कुमार, रामाश्रय चौहान, जितेंद्र कुमार सिंह, रणजीत कुमार, संदीप मिश्रा, लालती कुमारी और प्रतिभा कुमारी ने प्रशासन से विद्यालय परिसर में मौजूद पुराने एवं जोखिम वाले पेड़ों का निरीक्षण कराने की मांग की है.

शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय परिसर में बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए ऐसे पेड़ों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके.

इसे भी पढ़ें: TRE-4 की पीटी में बदल सकता है सिलेबस, बिहार से होंगे 30% प्रश्न, शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >