सीवान में बैंकों पर लगा ताला, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर बैंक कर्मियों का प्रदर्शन

राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का सीवान में असर दिखा, जिससे बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं. बैंक कर्मियों ने 5 दिवसीय कार्य सप्ताह और स्टाफ बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. इस हड़ताल से ग्राहकों को भारी असुविधा हुई.

Bank Strike: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को आयोजित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का असर सीवान में भी देखने को मिला. हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहा. शहर से लेकर प्रखंड स्तर तक बैंकिंग सेवाओं पर इसका असर पड़ा. नकद जमा और निकासी, चेक क्लीयरेंस, पासबुक अपडेट, केवाईसी, ऋण संबंधी कार्य सहित शाखा स्तर पर होने वाले कई काम नहीं हो सके.

एसबीआई मुख्य शाखा के सामने बैंक कर्मियों ने किया प्रदर्शन

हड़ताल के दौरान बैंक कर्मियों ने शहर के दहा पुल के समीप स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने प्रदर्शन किया. इसके अलावा जिला परिषद कैंपस स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की मुख्य शाखा के सामने भी प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की. कर्मियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग की.

पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने की मांग

बैंक कर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है. कर्मचारी संगठनों का कहना है कि बैंक कर्मियों के लिए सप्ताह में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार अवकाश की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए.

कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की भी मांग

बैंक कर्मचारी संगठनों ने बैंकिंग क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की. उनका कहना है कि कर्मचारियों की कमी के कारण काम का दबाव बढ़ रहा है. इसके अलावा वेतन और पेंशन से जुड़े लंबित मामलों का समाधान, सेवा संबंधी मुद्दों का निराकरण तथा कर्मचारियों के हित में नीतिगत फैसले लेने की मांग भी उठायी गयी.

बैंक शाखाओं में काम नहीं होने से ग्राहकों को परेशानी

हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कई ग्राहक बैंक पहुंचे, लेकिन शाखा स्तर की सेवाएं बाधित रहने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा. व्यापारियों और कारोबारियों को भी नकद जमा, चेक क्लीयरेंस और बैंक खातों से जुड़े अन्य कार्यों में परेशानी हुई.

डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का ग्राहकों ने किया इस्तेमाल

हड़ताल के दौरान एटीएम, यूपीआइ, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का ग्राहकों ने जरूरत के अनुसार इस्तेमाल किया. हालांकि, जिन कार्यों के लिए बैंक शाखा में जाना जरूरी था, उनके लिए ग्राहकों को हड़ताल समाप्त होने का इंतजार करना पड़ा.

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बैंक कर्मचारी संगठनों ने कहा कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा. कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह सहित अन्य लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार उपाध्याय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >