सीवान में चलती ट्रेन पर पथराव, यात्री गंभीर घायल, मैरवा-जीरादेई के बीच हुई घटना

Siwan News : पूर्वोत्तर रेलवे के भटनी–सीवान रेलखंड पर चलती ट्रेन पर पथराव की घटना में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. मैरवा और जीरादेई रेलवे स्टेशन के बीच हुई इस घटना ने यात्रियों में दहशत का माहौल बना दिया.

Siwan News : पूर्वोत्तर रेलवे के भटनी–सीवान रेलखंड पर रविवार शाम चलती ट्रेन पर असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने की घटना सामने आई है. मैरवा और जीरादेई रेलवे स्टेशन के बीच हुई इस घटना में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

खिड़की से आया पत्थर, यात्री के सिर में लगी गंभीर चोट

घायल यात्री की पहचान सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के पारसगढ़ निवासी रामू साह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि धर्मेंद्र कुमार मैरवा धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली 13019 डाउन बाग एक्सप्रेस से वापस लौट रहे थे. धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, जैसे ही ट्रेन मैरवा स्टेशन से खुलकर पुल के पास पहुंची, उसी दौरान बाहर मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसी दौरान एक बड़ा पत्थर खिड़की से अंदर आकर उनके सिर पर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सीट पर गिर पड़े.

यात्रियों में मची चीख-पुकार, सीवान जंक्शन पर भेजा गया अस्पताल

घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. यात्रियों ने घायल धर्मेंद्र कुमार को संभाला और ट्रेन के सीवान जंक्शन पहुंचने का इंतजार किया. ट्रेन के सीवान जंक्शन पहुंचने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने तत्काल घायल यात्री को ट्रेन से उतारा और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. जीआरपी की सूचना पर घायल यात्री के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका इलाज जारी है.

पथराव करने वालों की पहचान में जुटी रेल पुलिस

घटना के बाद जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रेल पुलिस पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं को लेकर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है.

Also Read : प्रेरणा छात्रवृत्ति योजना में मढ़ौरा फुटबॉल क्लब के चार खिलाड़ियों का चयन, मिलेगी तीन लाख रुपये की सहायता



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >