सीवान. सहकारिता विभाग नये वर्ष में जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख सहयोग समितियों को मजबूत और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. इसके तहत जिले के सभी पैक्स में सदस्यता सह जागरूकता अभियान और योजना आच्छादन अभियान चलाया जायेगा. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को सहकारिता से जोड़ना, उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और पैक्स के माध्यम से विभिन्न सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक पैक्स में न्यूनतम 50 से 100 नये सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सबसे अधिक सदस्य जोड़ने वाले पैक्स के अध्यक्ष को प्रोत्साहित और सम्मानित भी किया जायेगा. यह अभियान दो जनवरी से प्रारंभ होकर 31 जनवरी तक चलेगा. अभियान की सफलता को लेकर बुधवार को सीवान सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक परिसर में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता सारण प्रमंडल के संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने की. बैठक में सहकारिता विभाग से जुड़े जिले के सभी पदाधिकारी और बीसीओ शामिल हुए. संयुक्त निबंधक का स्वागत कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक सह जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार ने किया. संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान इच्छुक किसानों से आवेदन प्राप्त कर सदस्य संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की जायेगी. पैक्स से जुड़े किसानों के लिए जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखाओं के माध्यम से नए खाते खोले जायेंगे. इसके साथ ही माइक्रो एटीएम के माध्यम से पैक्स सदस्यों को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी सहज और सुलभ वित्तीय सेवाएं मिल सकें. उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित करें, ताकि सहकारिता व्यवस्था को सशक्त बनाया जा सके. बैठक में कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक सह जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार, सहायक निबंधक सुमन कुमार सिंह, बीसीओ कार्तिकेय चौधरी, सत्येंद्र कुमार, राम नारायण शाह, अभय आनंद, मुन्ना कुमार, धनराज कुमार, नीतीश कुमार, राकेश कुमार, राजेश कुमार, गुलाम ख्वाजा, आजाद आलम, भूनम जंगम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
