सीवान: महाराजगंज में सीएसपी में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, 50 हजार की संपत्ति जली, जांच में जुटी पुलिस

सीवान के महाराजगंज में एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) को निशाना बनाया गया. अज्ञात लोगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे करीब 50 हजार रुपये का सामान जल गया. सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान की कोशिश जारी है.

सीवान: महाराजगंज थाना क्षेत्र के धोबवलिया बाजार स्थित एयरटेल पेमेंट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में उचक्कों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है. घटना में सीएसपी में रखे करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए.

घटना की सूचना मिलने के बाद महाराजगंज थाना पुलिस, डायल 112 की टीम और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की.

रात में पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई आग

सीएसपी संचालक सह पैक्स अध्यक्ष अरुण प्रसाद ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे से 12 बजे के बीच अज्ञात लोगों ने उनके ग्राहक सेवा केंद्र में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब वह केंद्र खोलने पहुंचे.

केंद्र के अंदर सामान जला हुआ देखकर उन्होंने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी.

सीसीटीवी कैमरा समेत कई सामान जलकर राख

आगजनी की घटना में सीसीटीवी कैमरा, लोहे का रैक, लकड़ी और कांच का दरवाजा, पासबुक, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बिजली के तार, बल्ब, वाई-फाई उपकरण समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए.

सीएसपी संचालक के अनुसार, आग लगने से करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.

रेकी करने का लगाया आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

अरुण प्रसाद ने बताया कि घटना से पहले कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा कई बार सीएसपी की रेकी की गई थी. इसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद है. उन्होंने दावा किया कि आग लगाने की पूरी घटना भी सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुई है.

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी ललन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. वहीं अग्निशमन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया.

महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि आगजनी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है. पीड़ित के आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है. मामले में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पीड़ित ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच, आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नुकसान की भरपाई के लिए सहायता देने की अपील की है.

Also Read: Bankipur By Election Result: बांकीपुर में छा गए प्रशांत किशोर, 2025 में हार के 9 महीनों बाद ऐसा क्या बदला कि BJP को उसी के गढ़ में पछाड़ दिया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अफजल अनवर

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >