Siwan Crime News : एमएच नगर थाना क्षेत्र के गोपी पतियांव गांव में रविवार को कोर्ट के आदेश पर स्थानीय जांच के लिए पहुंचे एडवोकेट कमिश्नर की टीम के साथ विवाद का मामला सामने आया है. एडवोकेट कमिश्नर ने विपक्षी पक्ष पर हमला, वाहन में तोड़फोड़, बंधक बनाने और मारपीट का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस ने इसे दो पक्षों के बीच का आपसी विवाद बताया है.
सिविल जज के आदेश पर जांच के लिए पतियांव गांव गए थे
जानकारी के अनुसार, सिविल जज (वरीय कोटि-7) के आदेश पर नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर वार्षिकेय अपने सहयोगी अधिवक्ता अरुणेश सिंह के साथ स्थानीय जांच के लिए गोपी पतियांव गांव पहुंचे थे. आरोप है कि जैसे ही उनकी गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, विपक्षी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही दोनों को कथित रूप से बंधक बना लिया.
एक अधिवक्ता घायल, इलाज जारी
घटना में अधिवक्ता अरुणेश सिंह घायल हो गए, जबकि एडवोकेट कमिश्नर बाल-बाल बच गए. सूचना मिलने पर एमएच नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायल अधिवक्ता का इलाज हसनपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया.
एडवोकेट कमिश्नर ने बताया कि मामले में एमएच नगर थाने में लिखित शिकायत देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है.
पुलिस मामले की जांच कर रही
वहीं एमएच नगर थानाध्यक्ष राजीव पटेल ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला दो पक्षों के आपसी विवाद का प्रतीत होता है. उन्होंने कहा कि कोर्ट द्वारा नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर पर हमला होने की बात सही नहीं पाई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
Also Read: बिहार में होगा 6000 करोड़ रुपये का निवेश, लगेंगी 29 फैक्ट्रियां, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
;
