82 स्कूलों ने अब तक शुरू नहीं किया नशामुक्त विद्यालय अभियान का काम, 203 में 121 विद्यालयों का ही पंजीकरण

बड़हरिया के 82 स्कूलों ने नशामुक्त विद्यालय अभियान में अब तक पंजीकरण नहीं कराया है। शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Siwan News : सीवान जिले के बड़हरिया प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में विभिन्न सरकारी अभियानों की प्रगति को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. बीइओ राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि बार-बार निर्देश और स्मरण कराने के बावजूद नशामुक्त विद्यालय अभियान के तहत 203 विद्यालयों में से 82 ने अब तक काम शुरू नहीं किया है. यह स्थिति खेदजनक है. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक केवल 121 विद्यालयों का ही पंजीकरण हुआ है. शेष विद्यालयों को तत्काल पंजीकरण कराने के साथ अभियान से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

बीइओ ने बताया कि नशामुक्त विद्यालय अभियान को लेकर विद्यालय प्रधानों को कई बार निर्देश दिया जा चुका है. इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होना गंभीर मामला है. सभी विद्यालयों में अभियान से संबंधित कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराना अनिवार्य है. उन्होंने विद्यालय प्रधानों को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.

दो दिनों में पांच विद्यार्थियों का नामांकन अनिवार्य

इंस्पायर अवार्ड मानक योजना को लेकर भी शिक्षा विभाग ने विद्यालयों को समय-सीमा निर्धारित कर दी है. जिन मध्य, उच्च और उच्च माध्यमिक विद्यालयों का नामांकन सूची में नहीं है, उन्हें अगले दो दिनों के भीतर पोर्टल पर कम से कम पांच योग्य विद्यार्थियों का नामांकन कराना होगा. बीइओ ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में नामांकन नहीं कराने की स्थिति में संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्राचार्य और विज्ञान शिक्षक की जवाबदेही तय की जायेगी.

प्रत्येक स्कूल को लगाने हैं 100 पौधे

इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तहत 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान में भी विद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. विभागीय सूचना के अनुसार, अब तक कुछ ही विद्यालयों ने पोर्टल पर सहभागिता दर्ज कराते हुए सबमिशन किया है. जिन विद्यालयों का नाम सूची में शामिल नहीं है, उन्हें अविलंब पोर्टल पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सबमिशन करने को कहा गया है. अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय को न्यूनतम 100 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है.

संबंधित शिक्षकाें दिया गया निर्देश

बीइओ ने बताया कि तीनों अभियानों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के लिए विद्यालय प्रधानों और संबंधित शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है. इसमें किसी तरह की लापरवाही बरतने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >