छपरा (सदर) : पैक्स चुनाव के लिए तीसरे चरण में 13 दिसंबर को होने वाले मतदान को ले नाम वापसी के बाद चार प्रखंडों के 73 पैक्सों में से सात पैक्सों में अध्यक्ष व कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है.
सोनपुर, दरियापुर, परसा व बनियापुर प्रखंडों के निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ से प्राप्त सूचना के अनुसार उप निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसीओ नेसार अहमद ने बताया कि सोनपुर प्रखंड के 18 में से पांच पैक्सों में अध्यक्ष व कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन तय है. वे 14 दिसंबर को जीत का प्रमाणपत्र दिया जायेगा.
सूचना के अनुसार सोनपुर प्रखंड के शिकारपुर, शाहपुर दियारा, जहांगीरपुर, खरीका व गोपालपुर पैक्सों के अलावा परसा प्रखंड के पचलख व भेल्दी पैक्स में अध्यक्ष व कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचन तय है.
अब परसा के 11 व सोनपुर के 13 पैक्सों में ही मतदान होगा. इन दोनों प्रखंडों के सात पैक्सों में मतदान नहीं होगा. तृतीय चरण में बनियापुर के 25 व दरियापुर के 19 पैक्सों में से किसी भी अध्यक्ष या कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचन की सूचना नहीं है.
ऐसी स्थिति में तृतीय चरण में कुल 73 पैक्सों में से 66 पैक्सों में ही मतदान होगा. पूर्व में भी प्रथम चरण में आठ व द्वितीय चरण में 17 पैक्सों में जहां निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है. वहीं तीन पैक्सों में कोरम के अभाव में चुनाव स्थगित करना है. इस प्रकार अब तक कुल 32 पैक्सों के अध्यक्ष व कार्यकारिणी के सदस्य निर्विरोध चुने जा सकते है.
