सीवान : बड़हरिया थाने के कुड़वा गांव में बच्चों के झगड़े को लेकर सोमवार हुए हिंसक झड़प में घायल महफूज आलम की उपचार के लिए गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में हो गयी. मौत की खबर जैसे ही कुड़वा में पहुंची, गांव में कोहराम मत गया. इधर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च कर तनाव को कम करने का प्रयास किया.
इसके साथ ही बड़हरिया थाने की पुलिस गांव में कैंप कर रही है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार को गांव के बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने को दौरान विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ गयी की दोनों पक्ष के लोग इस विवाद में शामिल हो गये. रविवार को तो मामला किसी तरह शांत रहा. लेकिन सोमवार को पुन: दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने हो गये तथा दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर पथराव हुआ. मृत युवक के परिजनों का कहना है कि दूसरे पक्ष के लोग इस दौरान महफूज आलम को पकड़ लिया तथा पहले जमकर पिटाई की.
उसके बाद उसे चाकुओं से गोद कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. परिजन घायल अवस्था में महफूज को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाएं. लेकिन हालत चिंताजनक होने के कारण डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया. परिजन बड़हरिया थाने में घायल का बयान दर्ज कराने के बाद उसे उपचार के लिए गोरखपुर रवाना हो गये. लेकिन घायल युवक की रास्ते में ही मौत हो गयी. परिजन रात में ही शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करायी. घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई कमरुद्दीन में पुलिस को दिये अपने बयान में आसिफ,फैसल तथा महबूब आलम को आरोपित किया है. पुलिस ने महबूब व फैसल सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने बताया कि हत्या कारण खेल के दौरान बच्चों-बच्चों के बीच हुई विवाद है. गांव में स्थित शांति पूर्ण है. एहतियात के तौर पर स्टैटिक फोर्स की तैनाती की गयी है.
