सीवान : शुक्रवार की रात शहर के दखिन टोले मोहल्ले में पूर्व सांसद मो. शहाबुद्दीन के चचेरे भतीजा मो. युसुफ की हत्या के मामले में मो. शहाबुद्दीन के करीबी शमशीर कैफ उर्फ मो. कैफ उर्फ बंटी सहित छह लोगों के खिलाफ नगर थाने में एफआइआर दर्ज करायी गयी है.
नगर इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि अगर एक दो दिनों के अंदर आरोपित कोर्ट में सरेंडर नहीं करते हैं तो पुलिस शीघ्र ही कोर्ट में कुर्की की कार्रवाई करने के लिए आवेदन देगी. मृतक के दादा शेख हातिम ने पुलिस को अपने दिये बयान में दखिन टोला निवासी शमशीर कैफ उर्फ मो. कैफ उर्फ बंटी, मो. क्यूम उर्फ स्टार, रौनक, इस्माइल, मकबुल उर्फ बिल्ला तथा संदीप कुमार को आरोपित किया है.
शेख हातिम ने अपने बयान में कहा है कि उपरोक्त सभी लोग घटना के दिन शुक्रवार की देर शाम उनके प्रतापपुर स्थित घर पर आये तथा बुलाकर मो. यूसुफ को ले गये. रात करीब 10 बजे सूचना मिली की मो. यूसुफ की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है.
