सीवान : जिले के बड़हरिया थाने के इजमाली गांव में शनिवार की रात करीब आठ बजे तीन मनचले युवकों ने पहले चार साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी. देर रात तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो उसका शव मक्के के खेत में खून से लथपथ मिला. घटना की सूचना मिलते ही एएसपी कांतेश कुमार मिश्र और स्थानीय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और बच्ची के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार एक युवक ने दुष्कर्म और हत्या की बाद स्वीकार की है. मामले की जांच के बाद पूरे प्रकरण का खुलासा कर दिया जायेगा.
बताया जाता है कि इजमाली गांव की चार साल की बच्ची अपने पड़ोस के शादी समारोह में गयी थी. जब शाम साढ़े सात बजे तक वह घर नहीं आयी तो परिजनों को चिंता सताने लगी. उसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की. करीब नौ बजे रात में परिजनों ने गांव वालों की मदद से बच्ची का खून से लथपथ शव पास के मक्का के खेत से बरामद किया.
रविवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम हुआ. मामले में पुलिस ने गांव के ही धन्नू मियां और पास के टेंट हाउस के दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है. एसपी नवीन चंद्र झा ने बताया कि मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. एक युवक ने स्वीकार किया है कि उसने टॉफी व मिठाई का लालच देकर दुष्कर्म किया है. पुलिस के अनुसार उसने बताया है कि बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूस कर दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबा कर हत्या कर दी. एसपी ने बताया कि अभी जांच की जा रही है. शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जायेगा.
