महिला की गोद में था 10 दिन की पुत्री का शव
लोगों ने महिला को किया पुलिस के हवाले
पचरुखी : पचरुखी स्टेशन की पश्चिमी रेल क्राॅसिंग पर मंगलवार की सुबह आत्महत्या करने जा रही एक महिला को लोगों ने बचा कर पुलिस को सौंप दिया. महिला की गोद में 10 दिन की पुत्री का शव भी था. महिला महाराजगंज थाने के रड़िया गांव निवासी सुमित राय की पत्नी रूबी देवी है. महिला ने पुलिस को बताया कि वह पति के साथ दिल्ली में रहती है. कुछ दिनों पूर्व उसने दो जुड़वा बच्चे को जन्म दिया था. उपचार के दौरान एक बच्चे की मौत हो जाने व आर्थिक तंगी को देखते हुए वह अपने 10 दिनों की बच्ची को लेकर सीवान चली आयी. उसने बताया कि इसकी सूचना उसने अपने पति को नहीं दी. उसने बताया कि उसकी पुत्री जिंदा थी.
लेकिन उसकी भी तबीयत खराब थी. रास्ते में जब उसने उसे दूध पिलाने का प्रयास कि तो बच्ची ने दूध नहीं पिया. दिल्ली से सीवान आने के बाद मंगलवार की सुबह समस्तीपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस से वह पचरुखी आयी. दुखड़ा सुनाते हुए उसने बताया कि उसका पति दिल्ली में गार्ड का काम करता है. इसके पूर्व उसके एक अन्य पुत्र की मौत तबीयत खराब होने से हो चुकी है. तीसरे बच्चे-बच्ची की मौत हो जाने के बाद वह टूट चुकी है. उसने बताया कि वह महाराजगंज थाने के सवान गांव निवासी बलराम सिंह की पुत्री है. पुलिस ने उसके मायके तथा ससुराल में सूचना दी है. सूचना मिलने के बाद महिला के ससुर जनक राय थाना पहुंच कर उसे अपने साथ लेकर चले गये.
आत्महत्या करने के मामले की पुलिस कर रही जांच : महाराजगंज. मंगलवार की सुबह दिल्ली से आ रही एक महिला के द्वारा पचरुखी स्टेशन के समीप आत्महत्या करने की सूचना के बाद पुलिस जांच में जुट गयी. पुलिस के अनुसार महिला महाराजगंज थाना क्षेत्र के राडिया निवासी सुमित राय की पत्नी रूबी बतायी जा रही है. महाराजगंज के थानाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र ने बताया पचरुखी थाने से प्राप्त सूचना पर महिला पुत्री वियोग में जान दे रही थी. परंतु ससुराल की घरेलू स्थिति की जांच करायी जा रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के घर पर केवल उसके ससुर व सास रहते हैं. सूचना मिलने पर ससुर जनक राय पचरुखी के लिए रवाना हो गये हैं. जनक राय के अनुसार महिला रूबी देवी पांच अगस्त को दिल्ली से अपने पति को बिना बताये घर से निकली है.
वहां भी उसके पति समेत अन्य ने खोजबीन की थी. आस-पड़ोस के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. इंस्पेक्टर श्री मिश्र ने बताया पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है. पीड़ित महिला का घर सुनसान दिख रहा है.
