सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशितों को समझा बुझाकर कराया शांत
लकड़ीनबीगंज : बसंतपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव निवासी स्कूली छात्राओं के साथ लकड़ीनबीगंज के मदारपुर के कुछ सिरफिरे व मनचले लड़कों द्वारा छेड़खानी की गयी. इसकी शिकायत जब छात्राओं के परिजनों ने पुलिस से की तो मनचले आक्रोशित हो गये. इसके बाद बसंतपुर व लकड़ीनबीगंज की सीमा पर स्थित मसान माई के पास मनचले युवक पहुंचे और सूर्यपुरा गांव के ग्रामीणों को मारने-पीटने लगे. मनचलों ने लोगों से लूटपाट करते हुए उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी.
पिटाई, लूटपाट व तोड़फोड़ से नाराज आक्रोशित ग्रामीणों ने मदारपुर गांव के समीप महम्मदपुर -मलमलिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. इधर, सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर प्रखंड के सूर्यपुरा गांव की युवतियां पढ़ाई करने लकड़ीनबीगंज ओपी थाना क्षेत्र के किशुनपुरा मदारपुर आती हैं.
इसी दौरान मसान माई के समीप कुछ मनचले युवकों द्वारा बराबर इनके साथ छेड़खानी की जाती थी. इसकी सूचना पहले युवतियों ने अपने अभिभावकों को दी. इसके बाद अभिभावकों ने मदारपुर पहुंचकर युवकों के परिजनों से कही. इसके बाद भी इस पर कुछ नहीं हुआ तो रविवार को कुछ लोग नवीगंज ओपी थाने पहुंचकर घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी.
इसकी सूचना जैसे ही युवकों को मिली तो वे लोग काफी संख्या में मसान माई के पास पहुंच गये. इसी दौरान सूर्यपुरा गांव निवासी सीताराम सिंह बालू की खरीदारी करने लखनउरा जा रहे थे. उन्हें रोक कर युवकों ने बाइक क्षतिग्रस्त कर दिया और मारपीट कर नौ हजार रुपये जेब से निकाल लिये. मनचले युवक ने सीताराम के गांव के ही महाराणा सिंह एवं धन्नी सेठ की भी बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया.
मारपीट की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों को पीटा
सूर्यपुरा के लोगों के मनचले द्वारा मारपीट की जानकारी जैसे ही सूर्यपुरा गांव के लोगों को हुई तो सबसे पहले नीरज सिंह, प्रदीप सिंह और अशोक राय घटनास्थल पर पहुंचे. मनचले युवकों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया. इसकी जानकारी होने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण मसान माई के पास पहुंचकर सड़क जाम कर दिया.
इसके बाद स्थानीय पुलिस पहुंची तो ग्रामीणों ने अपनी समस्या को उनके समक्ष रखा. इस दौरान मदारपुर व सूर्यपुरा के लोग काफी संख्या में नजर आने लगे. इस कारण लोगों को मुजफ्फरपुर , गोपालगंज, छपरा, सीवान , पटना जाने में काफी परेशानी हुई. वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर बसंतपुर थानाध्यक्ष उदय कुमार, नबीगंज ओपी प्रभारी रवींद्र पाल घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों को समझाते हुए जाम हटवाया.
मौके पर लोगों को समझाने में संजय तिवारी, मनोज पटेल, रूपेश सिंह, धनधन तिवारी, अरुण सिंह समेत अन्य गण्यमान्य शामिल थे.
बोले बसंतपुर थानाध्यक्ष
घटना की जानकारी मिलने पर हमलोग पुलिस बल के साथ पहुंचे थे. लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया. इस मामले में अभी तक किसी पक्ष से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
उदय कुमार, थानाध्यक्ष बसंतपुर
