siwan news : वर्चस्व को लेकर 11 राउंड फायरिंग, एक युवक घायल

siwan news : आंदर थाना क्षेत्र के आंदर पुल के पास की घटना

siwan news : सीवान. आंदर थाना क्षेत्र अंतर्गत आंदर पुल के समीप गुरुवार को आपसी वर्चस्व को लेकर दिनदहाड़े हुई 11 राउंड फायरिंग ने पूरे इलाके को दहला दिया. इस सनसनीखेज वारदात में 25 वर्षीय युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान आंदर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी विक्की शेख के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू होते ही मौके पर अफरातफरी मच गयी. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. बदमाशों की गोलीबारी से पूरा इलाका थर्रा उठा. घायल विक्की को आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल और फिर पटना रेफर कर दिया गया. घायल विक्की शेख ने बताया कि कुछ युवक पहले से ही उसे फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे थे. गुरुवार को जैसे ही वह अपने एक साथी के साथ आंदर पुल के पास पहुंचा, पहले से घात लगाये करीब आधा दर्जन युवकों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. कुल 11 राउंड गोलियां चलायी गयीं, जिनमें से 10 से वह किसी तरह बच गया, लेकिन भागने के दौरान 11वीं गोली उसकी जांघ में जा लगी. घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और जमकर हंगामा हुआ. इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गये. सूचना मिलते ही आंदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. थाना प्रभारी पपन कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया गया है और पीड़ित का बयान दर्ज किया जा रहा है. हालांकि अब तक हमले के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. चिंताजनक बात यह है कि एक ओर जिले में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गये हैं, वहीं दूसरी ओर अपराधी दिनदहाड़े खुलेआम गोलियां बरसा रहे हैं. यह घटना सीवान में चरमराती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल का खुला सबूत है. इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >