Majorganj Electrocution Accident: सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुआरी मदन पंचायत के हिरोलवा गांव में बुधवार सुबह बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मेजरगंज पावर ग्रिड के सामने मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया.
शटडाउन के बाद अचानक प्रवाहित हुआ करंट
हादसे से जुड़ी मुख्य बातें:
- हिरोलवा वार्ड-12 निवासी युगल ठाकुर का 30 वर्षीय पुत्र संजय ठाकुर शटडाउन लेकर बिजली लाइन पर काम कर रहा था.
- इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह बुरी तरह झुलसकर पोल से नीचे गिर पड़ा.
- ग्रामीणों ने उसे तुरंत रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
आक्रोशित ग्रामीणों ने काटा बवाल, दो घंटे बाधित रहा आवागमन
हादसे के बाद बिजली विभाग की घोर लापरवाही से गुस्साए ग्रामीणों ने पावर ग्रिड के सामने मेजरगंज-रीगा मुख्य मार्ग को जाम कर आगजनी की और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शटडाउन के बावजूद करंट आना विभाग की गंभीर चूक है, जिसकी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन
सूचना मिलने पर बीडीओ निशांत कुमार, सीओ गीता कुमारी, थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब दो घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त हुआ.
ये भी पढ़ें: शिवहर: देकुली धाम में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, बाबा भुवनेश्वरनाथ का हुआ जलाभिषेक
