सीतामढ़ी: बिजली संकट पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, कार्यालय पहुंचकर किया हंगामा

सीतामढ़ी के अमघट्टा गांव में कई दिनों से बिजली संकट से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज महिलाओं ने बिजली कार्यालय पहुंचकर विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

Sitamarhi News: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. जिले के अमघट्टा गांव स्थित एक टोले में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. दर्जनों की संख्या में महिलाएं बिजली कार्यालय पहुंच गईं और विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया.

कई दिनों से बिजली संकट से परेशान हैं ग्रामीण

महिलाओं का आरोप था कि गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. कई दिनों से लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं. ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में आज भी जुगाड़ व्यवस्था और बांस-बल्ले के सहारे बिजली आपूर्ति कराई जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. रात भर लोग जागकर समय बिताने को मजबूर हैं.

स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

ग्रामीण महिलाओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि विभाग एडवांस भुगतान पर जोर देता है, लेकिन सुविधा के नाम पर लोगों को परेशानियां मिल रही हैं.

महिलाओं का कहना था कि रिचार्ज खत्म होते ही तुरंत बिजली काट दी जाती है, जबकि तकनीकी खराबी होने पर शिकायत के लिए जारी नंबर पर कॉल तक नहीं उठाया जाता.

कार्रवाई नहीं होने से बढ़ा लोगों का आक्रोश

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी फोन नहीं उठाते और समय पर कोई कार्रवाई भी नहीं होती. विभाग की कार्यशैली से परेशान होकर महिलाएं घरों से निकलकर सड़क और कार्यालय तक पहुंचने को मजबूर हो गई हैं.

बिजली कार्यालय में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं और वापस लौट गईं.

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >