Sitamarhi News: शहर में सोमवार को निकली जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग की आशंका में हिरासत में ली गई एक संदिग्ध महिला नगर थाना से लापता हो गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और महिला की तलाश शुरू कर दी गई है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.
रथ यात्रा के दौरान उठी थी चेन स्नैचिंग की चर्चा
रथ यात्रा के दौरान देर शाम कई महिला श्रद्धालुओं की चेन स्नैचिंग होने की बात सामने आई थी.
हालांकि, पुलिस के अनुसार अब तक किसी भी पीड़ित महिला या उनके परिजनों ने इस संबंध में कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है.
शक के आधार पर हिरासत में लिया गया था
रथ यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर एक महिला को पूछताछ के लिए रोका. पूछताछ में महिला ने खुद को उत्तर प्रदेश की निवासी बताते हुए कहा कि वह जानकी मंदिर में दर्शन करने आई है.
तलाशी में कुछ नहीं मिला
पुलिस ने महिला की तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ.
संदेह के आधार पर उसे आगे पूछताछ के लिए नगर थाना लाया गया.
शौच का बहाना बनाकर हुई गायब
थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने शौच जाने की बात कही. बताया जा रहा है कि वह हाजत से बाहर निकली और फिर पुलिस को बिना बताए वहां से चली गई.
घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद नगर थाना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
