Sitamarhi News: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान भिट्ठामोड़ कैंप में तैनात 51वीं बटालियन एसएसबी के जवानों ने बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई की. जवानों ने पिलर संख्या 300/3 से करीब तीन किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में सिमियाही मोड़ के पास एनएच-227 पर नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 42.6 लीटर देसी शराब बरामद की. मौके से शराब लदा टेंपो जब्त करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया.
Sursand News: गश्त के दौरान पकड़ी गई शराब की खेप
एसएसबी जवान इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सिमियाही मोड़ के समीप एनएच-227 पर संदिग्ध टेंपो को रोककर जांच की गई. तलाशी के दौरान उसमें 42.6 लीटर देसी शराब बरामद हुई.
दो तस्कर गिरफ्तार, टेंपो जब्त
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के रीगा रोड यादव नगर वार्ड संख्या-2 निवासी सुकन पाल के पुत्र श्यामबाबू पाल तथा सुरसंड थाना क्षेत्र के मरुकी गांव वार्ड संख्या-1 निवासी दिनेश चौधरी के पुत्र कृष्णा चौधरी के रूप में हुई है.
एसएसबी ने शराब के साथ बीआर 30 पीए 7208 नंबर का टेंपो भी जब्त कर लिया.
भिट्ठा थाना पुलिस को सौंपे गए आरोपी
एसएसबी के मुख्य आरक्षी (सामान्य) सुनील दूबे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. बरामद शराब, टेंपो और गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भिट्ठा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर शराब एवं अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी रोकने के लिए लगातार गश्त और जांच अभियान चलाया जा रहा है. संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: छह साल बाद भोलेनाथ के दरबार में मिला बिछड़ा बेटा, छलक पड़े पिता के आंसू
