Train Route Changes: अगर आप सीतामढ़ी जंक्शन से ट्रेन यात्रा करने वाले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. समस्तीपुर मंडल के बेतिया-मझौलिया रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण 3 जुलाई तक कई ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है. कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, जबकि कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलेंगी. रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचने की अपील की है.
इन ट्रेनों का बदला गया मार्ग
रेलवे के अनुसार 15052 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस, 15705 कटिहार-दिल्ली चंपारण हमसफर एक्सप्रेस, 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस, 15211 दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस, 12558 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस और 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनल अवध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन फिलहाल सीतामढ़ी-रक्सौल रेल मार्ग से किया जाएगा.
इन ट्रेनों के रूट में भी बदलाव
इसके अलावा 26502 गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस, 15567 बापूधाम मोतिहारी-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस और 15273 रक्सौल-आनंद विहार सत्याग्रह एक्सप्रेस के मार्ग में भी अस्थायी परिवर्तन किया गया है. रेलवे ने कहा है कि यह बदलाव दोहरीकरण कार्य पूरा होने तक लागू रहेगा.
यह भी पढे़ं: रात में अचानक थाने पहुंच गए एसपी साहब, हाजत से साफ-सफाई तक हर व्यवस्था को खुद देखा
सप्तक्रांति और गरीबरथ भी रहेंगी लेट
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार 3 जुलाई को मुजफ्फरपुर से खुलने वाली 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 3 घंटे की देरी से रवाना होगी. वहीं 12211 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से खुलेगी. इसका असर सीतामढ़ी समेत आगे के स्टेशनों पर यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा.
यात्रा से पहले जरूर करें यह काम
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें. इससे अनावश्यक इंतजार और असुविधा से बचा जा सकेगा. दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का परिचालन फिर से सामान्य कर दिया जाएगा.
यह भी पढे़ं: Sitamarhi DM Inspection: सदर अस्पताल में आधी रात पहुंचे डीएम, तीन महिला डॉक्टरों का रोका वेतन, एएनएम सस्पेंड
