Sitamarhi Shikshak Morcha: राज्य में लंबे समय से चली आ रही वित्त रहित शिक्षा नीति की समाप्ति और शिक्षकों के लिए वेतनमान की घोषणा के बाद शिक्षक समाज में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. इसी कड़ी में वित्त रहित क्रांति मोर्चा और एएनवी के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 20 सितंबर को पटना स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भव्य सम्मान सह आभार समारोह आयोजित किया जा रहा है. इस राज्यस्तरीय समारोह में सीतामढ़ी जिले से हजारों शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है.
आरएनटीएस और रघुनाथ झा कॉलेज में बैठकों का दौर
समारोह की तैयारियों को लेकर रुन्नीसैदपुर के आरएनटीएस कॉलेज मोरसंड और सीतामढ़ी स्थित रघुनाथ झा कॉलेज में विशेष बैठकों का आयोजन किया गया. बैठकों में मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्राचार्यों और शिक्षकों ने भाग लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की. इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के ऐतिहासिक फैसले का स्वागत किया और एकजुट होकर पटना पहुंचने का संकल्प लिया. सभी ने एक स्वर में कहा कि वर्षों के संघर्ष और इंतजार के बाद वित्त रहित कर्मियों को उनका हक मिला है.
घोषणा से शिक्षकों में खुशी, 20 सितंबर का आयोजन होगा ऐतिहासिक
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश सचिव प्रो. मिथिलेश कुमार ने कहा कि वित्त रहित नीति के खात्मे की घोषणा से राज्यभर के अनुदानित और वित्त रहित शिक्षण संस्थानों में हर्ष का माहौल है. उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाला समारोह ऐतिहासिक साबित होगा. जिले के कोने-कोने से वित्त रहित संस्थानों के शिक्षक और कर्मचारी राजधानी पहुंचेंगे. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए मोर्चा के सभी पदाधिकारी लगातार गांव-गांव और कॉलेज स्तर पर सघन अभियान चला रहे हैं.
सरकार के फैसले को बताया ऐतिहासिक कदम
आरएनटीएस कॉलेज मोरसंड के पूर्व प्राचार्य सह वित्त रहित शिक्षक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रदेश सचिव प्रो. सुनील कुमार राय तथा रघुनाथ झा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अमरनाथ झा ने संयुक्त रूप से कहा कि मुख्यमंत्री का यह कदम शिक्षा जगत में मील का पत्थर साबित होगा. वर्षों से मानदेय और अनुदान के अभाव में जीवन गुजार रहे हजारों शिक्षकों के परिवार को अब आर्थिक सुरक्षा मिलेगी. उन्होंने कहा कि आगामी 20 सितंबर को सीतामढ़ी जिले से भारी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मी और प्रतिनिधि पटना पहुंचकर मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन करेंगे.
ये भी पढ़ें: पोलियो ने रोका पढ़ाई का रास्ता, साहित्य ने दी नई पहचान, दीपनारायण सिंह को मिला सम्मान
