सीतामढ़ी में बड़ी वारदात पर नपेंगे थानाध्यक्ष, एसपी अमित रंजन ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीतामढ़ी में पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सख्त रुख अपनाया है. एसपी अमित रंजन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना होने पर संबंधित थानाध्यक्ष सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे. फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया है.

Sitamarhi Crime Control: जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है.एसपी अमित रंजन ने मासिक अपराध गोष्ठी में स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में बड़ी आपराधिक घटना होने पर संबंधित थानाध्यक्ष सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे.लापरवाही मिलने पर उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.समाहरणालय के परिचर्चा भवन में आयोजित इस बैठक में एसपी ने जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों, डीएसपी और सर्किल इंस्पेक्टरों के साथ विधि-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की.बैठक में अपराध ग्राफ को कम करने के लिए कई अहम रणनीतियों पर चर्चा की गई.उन्होंने साफ कहा कि अपराध नियंत्रण में ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी.

फरियादियों से करें सम्मानजनक व्यवहार, लापरवाही पर गिरेगी गाज

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को कड़ा निर्देश दिया कि थानों में आने वाले आम लोगों और पीड़ितों के साथ मित्रवत और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए.एसपी ने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच साफ-सुथरी होनी चाहिए.जनता से दुर्व्यवहार या उनकी शिकायतों की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.इसके साथ ही उन्होंने न्यायालय से जारी वारंट और कुर्की-जब्ती के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने को कहा गया है ताकि आपराधिक घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने और समय पर निष्पादन करने को भी कहा गया है.

शराब तस्करों पर कड़ा प्रहार और दो थानाध्यक्षों को सख्त फटकार

जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया गया है.केसों के अनुसंधान में देरी या कोताही बरतने वाले पुलिस अफसरों को कड़ी चेतावनी दी गई है.बैठक के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर सहियारा और बोखड़ा के थानाध्यक्षों को एसपी ने कड़ी फटकार लगाई और अपनी कार्यशैली में तुरंत सुधार करने की चेतावनी दी.उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में शिथिलता स्वीकार नहीं होगी.इस महत्वपूर्ण बैठक में डीएसपी सदर-1 राजीव कुमार सिंह, डीएसपी सदर-2 आशीष आनंद, डीएसपी मुख्यालय नजीब अनवर, ट्रैफिक डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर रीगा संजीव कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर सदर सरोज कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >