सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
sitamarhi reward smuggler: परिहार थाना हाजत से वेंटिलेटर का शीशा तोड़कर फरार हुए कुख्यात चरस तस्कर प्रभु भगत पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है.
सूचना देने वाले को मिलेगा नकद पुरस्कार
सीतामढ़ी पुलिस ने आम नागरिकों और पुलिसकर्मियों से इस कुख्यात अपराधी को पकड़वाने में सहयोग की अपील की है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जो भी व्यक्ति इस फरार तस्कर के ठिकाने, छिपने के स्थान या उसकी गतिविधियों के बारे में सटीक जानकारी देगा, उसे पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि नकद दी जाएगी. इसके साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी ताकि उसकी सुरक्षा से कोई समझौता न हो.
हाजत का वेंटिलेटर तोड़कर भागा था आरोपी
गौरतलब है कि आरोपी प्रभु भगत (पिता महेंद्र भगत), जो परसौनी थाना क्षेत्र के मदनपुर का निवासी है, को परिहार थाना पुलिस ने 28 जून को वाहन जांच के दौरान 1.023 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उसके खिलाफ कांड संख्या-177/26 दर्ज की थी. इसके अगले ही दिन यानी 29 जून को वह थाना हाजत के शौचालय के वेंटिलेटर का शीशा तोड़कर भागने में सफल रहा था. इस बड़ी लापरवाही और फरारी को लेकर परिहार थाना में कांड संख्या-178/26 दर्ज की गई है.
पुलिस की विशेष टीमें कर रही हैं छापेमारी
तस्कर का पुराना आपराधिक इतिहास होने के कारण पुलिस उसे समाज और कानून के लिए बड़ा खतरा मान रही है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों और उसके करीबियों के यहां छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की इनपुट मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या जिला पुलिस के आधिकारिक नंबरों पर संपर्क कर सूचना साझा करें.
ये भी पढ़ें: थाना हाजत से चरस तस्कर फरार, तीन चौकीदार निलंबित
