सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में बनने वाले मां सीता के भव्य मंदिर और विश्वस्तरीय पर्यटन परियोजना का काम अब तेजी से आगे बढ़ने लगा है. करीब 880 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर निर्माण स्थल पर दिन-रात काम चल रहा है. विशाल परिसर में भारी मशीनों की आवाज और मजदूरों की गतिविधियों से पूरा इलाका निर्माण क्षेत्र में तब्दील नजर आ रहा है.
अभियंता और कर्मचारी कर रहे निगरानी
करीब 50 एकड़ में फैले अधिग्रहित भूखंड पर दर्जनों जेसीबी, पॉकलेन, ट्रक और टिप्पर लगातार मिट्टी कटाई और समतलीकरण के काम में लगे हैं. निर्माण एजेंसी की ओर से अस्थायी कार्यालय और मजदूरों के रहने की व्यवस्था भी तैयार कर ली गई है. बड़ी संख्या में अभियंता और कर्मचारी अलग-अलग हिस्सों में काम की निगरानी कर रहे हैं.
पुराने भवन हटाने का काम जारी
परियोजना को गति देने के लिए कई पुराने भवनों को हटाया जा रहा है. करीब आठ साल पहले बने सीता प्रेक्षागृह कथा पंडाल समेत कई संरचनाओं को तोड़ा जा चुका है, जबकि कुछ अन्य भवनों को हटाने का काम अभी भी जारी है.
पूजा-पाठ प्रभावित न हो
निर्माण एजेंसी अहलुवालिया कंस्ट्रक्शन के अनुसार, फिलहाल करीब 500 मजदूर कार्य में लगे हैं और जरूरत पड़ने पर संख्या बढ़ाई जाएगी. परियोजना के तहत सीता रसोई, मुख्य महंत आवास, गायत्री मंदिर और मां सीता के मुख्य मंदिर को स्थानांतरित किया जाना है. धार्मिक परंपराएं बाधित न हों, इसके लिए वैकल्पिक पूजा व्यवस्था तैयार की जा रही है.
तय समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य
पहले इस परियोजना को जून 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन अब इसे दिसंबर 2028 तक पूरा करने की तैयारी चल रही है. प्रशासन और निर्माण एजेंसी दोनों युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं. माना जा रहा है कि यह परियोजना आने वाले समय में सीतामढ़ी को देश के बड़े धार्मिक और पर्यटन केंद्रों में शामिल कर सकती है.
