Sitamarhi News: स्थानीय पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने करीब तीन वर्ष पूर्व इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के दौरान लापता हुई एक नाबालिग छात्रा को सोमवार को पटना से सुरक्षित बरामद कर लिया है. छात्रा के अचानक मिलने से पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है.
परीक्षा देने गई थी कॉलेज, फिर नहीं लौटी वापस
घटनाक्रम के अनुसार, मोरसंड कॉलेज में इंटर की पढ़ाई कर रही छात्रा 1 नवंबर 2023 को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी. जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि पटना के दीघा थाना क्षेत्र का रहने वाला अनुज कुमार उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया है.
मां के बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
छात्रा के लापता होने के बाद उसकी मां के बयान पर रून्नीसैदपुर थाने में प्राथमिकी (थाना कांड संख्या-547/23) दर्ज कराई गई थी. इस मामले में पुलिस ने पटना के दीघा निवासी मुख्य आरोपी अनुज कुमार, सनोज राय, राजेंद्र राय और चिंता देवी को नामजद आरोपी बनाया था. पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश और लड़की की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही थी. सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटना में दबिश देकर अपहृता को बरामद कर लिया. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
