Sitamarhi News: नगर निगम क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए हो रहे अवैध भवन निर्माण पर अब निगम प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है. बुधवार को नगर आयुक्त के कक्ष में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त डॉ गजेंद्र प्रसाद सिंह ने टाउन प्लानर और आर्किटेक अभियंताओं को कड़े निर्देश जारी किए. उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी परिस्थिति में बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाए.
सिर्फ बैंक लोन के लिए पास करा रहे नक्शा, नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि बिल्डिंग बायलॉज और नियमों की अनदेखी के कारण जलजमाव और आवागमन जैसी कई गंभीर शहरी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि अधिकांश लोग केवल बैंक ऋण (लोन) लेने की आवश्यकता होने पर ही नक्शा स्वीकृत कराते हैं, जबकि अन्य लोग नियमों को ताक पर रखकर निर्माण करा रहे हैं. नगर आयुक्त ने इस प्रवृत्ति पर नाराजगी जताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई और नियमों के प्रभावी अनुपालन का निर्देश दिया है.
कॉर्नर प्लॉट धारकों को इंसेंटिव का प्रस्ताव, सीतापुरम टाउनशिप में नक्शा पास करने पर रोक
बैठक में कॉर्नर वाले प्लॉटों के लिए एक विशेष नीति पर चर्चा की गई. इसके तहत यदि प्लॉट मालिक भवन निर्माण के दौरान आगे और पीछे पर्याप्त जगह छोड़ते हैं, तो उन्हें शुल्क में छूट या अतिरिक्त फ्लोर निर्माण जैसे इंसेंटिव दिए जा सकते हैं. इसका प्रस्ताव जल्द विभाग को भेजा जाएगा. इसके साथ ही, सीतापुरम टाउनशिप क्षेत्र के भीतर आने वाले निगम वार्डों में नए नक्शों की स्वीकृति पर फिलहाल पूरी तरह रोक लगा दी गई है और पुराने स्वीकृत नक्शों को भी होल्ड करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में टाउन प्लानर राहुल कुमार और प्रधान सहायक अरुण कुमार चौबे उपस्थित रहे.
