Sitamarhi Cyber Crime: बैंक कर्मचारी बनकर किया कॉल, ‘पीएनबी वन’ एप के नाम पर उड़ाए 4.70 लाख

Sitamarhi Cyber Crime: सीतामढ़ी में पीएनबी वन एप एक्टिवेट करने के नाम पर एक व्यक्ति से 4.70 लाख रुपये की साइबर ठगी. पीड़ित ने पुपरी शाखा के बैंककर्मियों पर लगाया लापरवाही का आरोप, साइबर थाने में शिकायत दर्ज. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi Cyber Crime: सीतामढ़ी जिले में ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं के नाम पर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. नानपुर थाना क्षेत्र के कोयली गांव निवासी नारायण झा को ‘पीएनबी वन’ एप एक्टिवेट करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 4 लाख 70 हजार रुपये उड़ा लिए. इस मामले में पीड़ित ने सीतामढ़ी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बैंककर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित नारायण झा ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था. कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का कर्मचारी बताते हुए ‘पीएनबी वन’ एप (PNB One App) रजिस्ट्रेशन में मदद करने की बात कही. कॉलर के झांसे में आकर पीड़ित ने एप में अपनी सभी बैंकिंग जानकारियां भरकर सबमिट कर दीं. इसके तुरंत बाद उनके खाते से एक रुपये कटने का मैसेज आया, जिससे उन्हें कुछ संदेह हुआ.

बैंक अधिकारियों की लापरवाही का आरोप

संदेह होने पर पीड़ित उसी दिन पंजाब नेशनल बैंक की पुपरी शाखा पहुंचे. उन्होंने शाखा प्रबंधक, कैशियर और अन्य कर्मचारियों को घटना की पूरी जानकारी देते हुए अपना खाता तुरंत बंद करने का आग्रह किया.

  • पीड़ित का आरोप: पीड़ित का कहना है कि बैंक कर्मचारियों ने उनके खाते को पूरी तरह बंद करने के बजाय केवल यूपीआई (UPI) बंद करने की बात कहकर उन्हें वापस घर भेज दिया.

खाते से उड़े 4.70 लाख रुपये

इसके कुछ ही दिनों बाद 24 अप्रैल 2026 को उनके मोबाइल पर एक और कॉल आया, जिसमें उन्हें जानकारी दी गई कि उनके बैंक खाते से 4 लाख 70 हजार रुपये की बड़ी निकासी कर ली गई है.

साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज

खाते से पैसे कटने की जानकारी मिलते ही पीड़ित के होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद उन्होंने सीतामढ़ी साइबर थाने में लिखित शिकायत भी दी है. पीड़ित नारायण झा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि बैंक कर्मचारियों की लापरवाही और संभावित मिलीभगत के कारण उनके जीवन भर की गाढ़ी कमाई लुट गई. उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर राशि बरामद करने और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

सीतामढ़ी से राहुल गौतम की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >