Sitamarhi News: नगर परिषद क्षेत्र के चार वार्डों और हरदिया पंचायत भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 22 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.
शिविर का उद्घाटन एसडीओ गौरव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता और मुखिया राजन कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
हरदिया पंचायत में मिले 122 आवेदन
हरदिया पंचायत भवन में आयोजित शिविर में 122 आवेदन प्राप्त हुए.
इनमें राशन कार्ड के 44, भूमि एवं राजस्व विभाग के 41, पीएचईडी के 3, मनरेगा के 5, स्वच्छता से जुड़े 8 और आधार कार्ड के 11 आवेदन शामिल रहे.
अधिकारियों ने इनमें से 20 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया.
नगर परिषद के वार्डों में भी लगे शिविर
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 9 (जैतपुर मोहल्ला), वार्ड 10 (एलएम हाईस्कूल), वार्ड 11 (गुरुकुल विद्यालय) और वार्ड 12 (तिलक साह उच्च माध्यमिक विद्यालय) में भी सहयोग शिविर लगाए गए.
इन चारों शिविरों में 22 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नली-गली, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और साफ-सफाई से जुड़े 14 आवेदन, विद्युत विभाग के 2, राजस्व विभाग के 3 तथा पीएचईडी के तहत चापाकल के लिए एक आवेदन शामिल था.
इनमें से दो आवेदनों का मौके पर ही निबटारा किया गया.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
एलएम हाईस्कूल में आयोजित शिविर का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी केशव गोयल और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रणधीर चौधरी ने किया.
इस अवसर पर सीओ राम कुमार पासवान, विद्युत विभाग के जेई रवि भूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है.
