ठनका गिरने से पेड़ की कटाई कर रहे मजदूर की मौत

थाना क्षेत्र के कबरा गांव स्थित आम के बगीचे में बुधवार की दोपहर पेड़ की कटाई कर रहे एक मजदूर की मौत आकाशीय बिजली (ठनका) के चपेट में आने से हो गयी.

सुरसंड. थाना क्षेत्र के कबरा गांव स्थित आम के बगीचे में बुधवार की दोपहर पेड़ की कटाई कर रहे एक मजदूर की मौत आकाशीय बिजली (ठनका) के चपेट में आने से हो गयी. मृतक राजकुमार सिंह (31 वर्ष) बथनाहा थाना क्षेत्र के बथनाहा पूर्वी पंचायत अंतर्गत सोनमा टोल वार्ड संख्या 13 निवासी फगुनी सिंह का पुत्र था. देवनाथ पट्टी पंचायत के मुखिया मधुरेंद्र कुमार उर्फ संजय झा व वार्ड सदस्य गोपाल झा ने बताया कि मृतक समेत चार पांच मजदूर कबरा गांव से पश्चिम स्थित आम के बगीचे में पेड़ की कटाई कर रहा था. इसी बीच दोपहर में वर्षा होने लगी. सभी मजदूर अलग अलग पेड़ की नीचे छुप गए. इस दौरान आकाशीय बिजली के गिरने से उसके चपेट में आकर उसकी मौत हो गयी. हालांकि मृतक को अचेतावस्था में देख उसके साथ पेड़ की कटाई में शामिल अन्य मजदूर उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे. पर, उसकी मौत रास्ते में ही हो गयी. मजदूरों द्वारा दी गयी राजकुमार की मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया. मृतक के पिता व बड़ा भाई घटनास्थल पर पहुंचे. मृतक दो भाइयों में छोटा था. परिजन ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी. उसे कोई संतान नहीं है. मौके पर पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है. बताया गया कि बगीचा खरीदने वाला ठीकेदार घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >