Sitamarhi News: नगर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. शराब पीकर घर में हंगामा कर रहे बेटे की शिकायत करने थाना पहुंचे पिता को भी शराब के नशे में पाए जाने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे दिन शहर में होती रही. पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
बेटे की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे पिता
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के सोनापट्टी निवासी तेज नारायण प्रसाद ने सोमवार रात करीब नौ बजे 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उनका पुत्र पवन कुमार शराब पीकर घर में गाली-गलौज और हंगामा कर रहा है. सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पवन कुमार को हिरासत में लेकर थाना चली गई.
थाना पहुंचने पर पिता पर भी हुआ शक
इसी बीच तेज नारायण प्रसाद भी अपने बेटे के खिलाफ लिखित आवेदन देने नगर थाना पहुंचे. बातचीत के दौरान पुलिस को उनके भी शराब के नशे में होने का संदेह हुआ. इसके बाद कराई गई मेडिकल जांच में उनके द्वारा भी शराब सेवन किए जाने की पुष्टि हो गई.
उत्पाद अधिनियम के तहत दोनों को भेजा गया जेल
शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पिता और पुत्र दोनों के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. घटना के बाद यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
