सीतामढ़ी: नाली का गंदा पानी एनएच पर फैला, सुरसंड में लोगों ने की जलनिकासी की मांग

सुरसंड में एनएच 227 पर नाली का गंदा पानी फैलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जलनिकासी बाधित होने पर स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत को आवेदन देकर समाधान की मांग की है. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी के सुरसंड से विजय नारायण मिश्र की रिपोर्ट

Sitamarhi News: सुरसंड नगर पंचायत क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. नगर पंचायत के मुख्य चौक से पश्चिम और फोरलेन चौक से पूरब स्थित एनएच 227 पर नाली का गंदा पानी फैल जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है. समस्या को लेकर दोनों वार्डों के दर्जनों लोगों ने बुधवार को कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर समाधान की मांग की है.

हाइवे पर फैला नाली का गंदा पानी

स्थानीय लोगों ने आवेदन में बताया है कि एनएच 227 के दोनों किनारों पर जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराया गया था. इन नालियों का पानी फोरलेन चौक के समीप स्थित एक पुलिया के माध्यम से निकाला जाता था.

लोगों का आरोप है कि कुछ दबंगों द्वारा उक्त पुलिया को मिट्टी डालकर भर दिया गया है, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है.

आवागमन और कारोबार पर असर

पानी निकासी बंद होने के कारण नालियों का गंदा पानी हाइवे पर फैल गया है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही क्षेत्र में गंदगी बढ़ने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो गए हैं.

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव और गंदगी के कारण ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, जिससे उनके व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.

नगर पंचायत ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले को लेकर पूछे जाने पर कार्यपालक पदाधिकारी कुलदीप सिंहा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है. समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही पानी निकासी की समुचित व्यवस्था की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >