Sitamarhi News: सीतामढ़ी. बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में नगर के एक होटल में आयोजित कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हो गया. अंतिम दिन पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ मीडिया और सोशल मीडिया की रणनीति पर चर्चा हुई. इसके अलावा राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और मौजूदा राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस की भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.
प्रभातफेरी से हुई दूसरे दिन के प्रशिक्षण की शुरुआत
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत प्रभातफेरी से हुई. इसके बाद विभिन्न सत्रों में प्रखंड अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों और जनता के बीच पार्टी की भूमिका को लेकर प्रशिक्षण दिया गया.
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा कि कांग्रेस संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने प्रखंड अध्यक्षों का आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और आम जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा तथा जनहित की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं.
संगठनात्मक दक्षता और नेतृत्व क्षमता पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक दक्षता बढ़ाना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड अध्यक्ष को जनता के बीच प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करना भी इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है.
शिविर में संगठन की जमीनी स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आम लोगों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर चर्चा की गयी. करीब 75 प्रखंड अध्यक्षों ने प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया.
मीडिया और सोशल मीडिया को लेकर तैयार हुई रणनीति
प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों और नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई.
इसके साथ ही मौजूदा राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस की भूमिका और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के विषय पर भी मंथन किया गया. पार्टी नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया.
प्रदेश नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया प्रेरित
शिविर का संचालन बिहार कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी प्रो. रंजीत कुमार मिश्र ने किया. जिलाध्यक्ष सह शिविर के संयोजक अमित कुमार टुन्ना ने आयोजन में अहम भूमिका निभायी.
प्रशिक्षण के दौरान प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं ने प्रखंड अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के लिए प्रेरित किया.
कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रशिक्षण शिविर में खगड़िया जिलाध्यक्ष डॉ. चंदन यादव, राजकुमार मीणा, जितेंद्र नाथ पटेल, ऋचा, कुणाल कुमार, चंद्रभूषण राजपूत, डॉ. गौरव वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष रकटू प्रसाद, सीताराम झा, प्रमोद नील, प्रदेश प्रतिनिधि मो. अफाक खान, संजय कुमार बिररख, रितेश रमण सिंह, मो. शम्स शाहनवाज, मनोज कुमार सिंह, आफताब अंजुम बिहारी, धीरज सिंह, ताराकांत झा समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
जानकी मंदिर और पुनौरा धाम में की पूजा-अर्चना
प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने जानकी मंदिर तथा पुनौरा धाम में पूजा-अर्चना की. उन्होंने मां जानकी का आशीर्वाद लिया और देश व प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की.
इससे पहले दोनों नेता जिला कांग्रेस मुख्यालय ललित आश्रम, गांधी मैदान पहुंचे और कार्यालय का जायजा लिया. यहां जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना, प्रो. रंजीत कुमार मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष रकटू प्रसाद, प्रदेश प्रतिनिधि शम्स शाहनवाज, रितेश रमण सिंह, मनोज कुमार सिंह और धीरज सिंह ने उनका स्वागत किया.
नेताओं ने सबसे पहले ललित नारायण मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी.
यह भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर सीतामढ़ी में 10 वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान, समारोह में 85 सदस्य रहे मौजूद
