सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Child Safety Campaign: सीतामढ़ी जिले में बच्चों को मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसे गंभीर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है.सीनियर डीएसपी (हेडक्वार्टर) सह नोडल पदाधिकारी, विशेष किशोर पुलिस इकाई, मो नजीब अनवर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई.इस महत्वपूर्ण बैठक में मानव तस्करी निरोध इकाई (AHTU), महिला एवं बाल विकास निगम, अदिथी कवच परियोजना और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन सहित कई स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए.
अब तक की समीक्षा और आगे की रणनीति
बैठक में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अब तक किए गए कार्यों की गहन समीक्षा की गई, जिसके बाद भविष्य की सख्त कार्ययोजना तय की गई.सीनियर डीएसपी मो नजीब अनवर ने कहा कि इन सामाजिक अपराधों की रोकथाम के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता, समय पर सूचना साझा करना और विभिन्न सरकारी विभागों के बीच मजबूत समन्वय होना बेहद जरूरी है.उन्होंने सभी पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह से जुड़ी किसी भी सूचना पर बिना देरी किए त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए.साथ ही जिले में जागरूकता अभियान को और तेज करने पर बल दिया गया.
बैठक में लिए गए अहम फैसले और रणनीतियां
प्रशासनिक अधिकारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बैठक में मुख्य रूप से तीन अहम रणनीतियों पर सहमति बनी, जिसके तहत सीतामढ़ी जिले के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में सभी संबंधित विभाग मिलकर एक बड़ा संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाएंगे.इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा के प्रति लोगों को सचेत करने के लिए स्कूलों, ग्राम पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.वहीं बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन और मानव तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आपसी सहयोग और विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मौजूद सभी हितधारकों ने बच्चों के शोषण-मुक्त सुरक्षित भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया.इस अवसर पर एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार सिंह, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक एजाजुल अंसारी समेत अदिथी कवच परियोजना की पूरी टीम और अन्य सदस्य मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: पॉकेटमारों का पीछा कर रहे RPF जवान पर चाकू से जानलेवा हमला, दहशत में रेल यात्री
