Bus bike collision: सीतामढ़ी जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. रीगा थाना क्षेत्र के बैरगनिया मुख्य सड़क स्थित बखरी लचका के समीप शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
Sitamarhi Accident: बैरगनिया के बेल का रहने वाला है घायल युवक
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की पहचान बैरगनिया थाना क्षेत्र के बेल निवासी फेकन महतो के 22 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह मंगला बस सर्विस की बस सीतामढ़ी से सवारियां लेकर बैरगनिया की ओर जा रही थी. इसी दौरान बैरगनिया की ओर से आ रही बाइक (नंबर बीआर 30 एजे 4947) के साथ बस की सामने से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठा.
सड़क पर काफी देर तक छटपटाता रहा युवक
बस की चपेट में आने के बाद बाइक सवार युवक छिटककर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया. बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वह काफी देर तक सड़क पर दर्द से छटपटाता रहा. इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत हादसे की सूचना रीगा थाना पुलिस को दी और मदद के लिए आगे आए.
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त, हायर सेंटर रेफर
घटना की सूचना मिलते ही रीगा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए आनन-फानन में सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बस को जब्त कर लिया है. रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि युवक का फिलहाल एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पीड़ित परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें...मजदूर की दोनों आंखें निकालने की कोशिश, निर्मम हत्या, पत्नी-बच्चे गायब, सुबह दूध वाले ने देखी लाश
