सीतामढ़ी: एनएच पर दर्दनाक हादसा, खराब खड़ी पिकअप से टकराकर बाइक कंपाउंडर की मौत

सीतामढ़ी जिले में एनएच 527 सी पर एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जलालपुर गांव के पास खराब खड़ी पिकअप से तेज गति से आ रही बाइक के टकराने से यह हादसा हुआ.

Road Accident: सीतामढ़ी जिला अंतर्गत पुपरी थाना क्षेत्र के एनएच 527 सी सड़क खंड पर जलालपुर गांव के समीप शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान पुपरी थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी भोला राय के 27 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है. वह पेशे से एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर का काम करता था. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में चीत्कार और पूरे गांव में कोहराम मच गया है.

सड़क के बीच खड़ी पिकअप बनी काल

तीव्र गति से आ रही अपाचे बाइक से जा रहे जितेंद्र कुमार यादव जलालपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सड़क पर पहले से खराब होकर खड़ी एक पिकअप वैन से उनकी बाइक की सीधी और जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि जितेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि यह हादसा पिकअप चालक की घोर लापरवाही के कारण हुआ है. चालक पिकअप वैन के बीच सड़क पर खराब होने के बाद उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गया था. रात के अंधेरे में सुरक्षा के लिए न तो कोई इंडिकेटर चालू रखा गया था और न ही कोई बैरिकेडिंग की गई थी, जिसके कारण बाइक सीधे वाहन से टकरा गई.

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक जितेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. उसकी अचानक हुई मौत से परिवार का भरण-पोषण करने वाला सहारा छिन गया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है. थाना पुलिस ने बताया कि लापरवाही का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Baidnath thakur

Published by: Sumit Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >