Sitamarhi crime News: सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार की अहले सुबह जबाही गांव से पूरब स्कूल के समीप ग्रामीण सड़क पर एक बाइक सवार शराब तस्कर की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद अपराधी उसकी शराब लदी बाइक और मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए. मृतक की पहचान बाजपट्टी थानांतर्गत सिवाईपट्टी गांव के वार्ड संख्या 10 निवासी हजारी मंडल के 25 वर्षीय पुत्र भुटकुन कुमार के रूप में की गई है.
Sursand police: कमर के ऊपर पंजरा में लगी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने मृतक को कमर के ऊपर पंजरा में गोली मारी. हालांकि, स्थानीय लोगों ने गोली चलने की दो आवाजें सुनने की बात कही है. गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने खून से लथपथ युवक को गिरा पाया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.
liquor smuggling: पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुपरी की एसडीपीओ सह एएसपी सुनीता कुमारी और थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए. पुलिस ने मृतक के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
आपराधिक प्रवृत्ति का था मृतक
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक भुटकुन कुमार आपराधिक प्रवृत्ति का था और वह पहले भी अवैध शराब के कारोबार में लिप्त रहा था. वह वर्ष 2022 में शराब से जुड़े एक मामले में जेल भी जा चुका था और कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था. जेल से बाहर आने के बाद उसने एक बार फिर से अवैध शराब का कारोबार शुरू कर दिया था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. फुटेज में मृतक शराब लदी बाइक के साथ जाता हुआ स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, मृतक के पिता पंजाब में रहकर मजदूरी करते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें... दरभंगा जिले के बेनीपुर में सांप काटने से अधेड़ की जान गई, परिवार में शोक
