रून्नीसैदपुर : वाहन चेकिंग अभियान के तहत सोमवार को पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में लेकर भाग रहे एक जीप को पीछा कर पकड़ लिया. इस बाबत बीएओ रवींद्र कुमार चौधरी के बयान पर स्थानीय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
प्राथमिकी में बताया गया है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2015 के मद्देनजर थाना क्षेत्र के कोआही में स्टैटिक निगरानी दल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. बीएओ श्री चौधरी उक्त दल के दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त हैं. 26 अक्तूबर को जिला सहकारिता पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार के साथ शस्त्र वाहन चेकिंग कर रहे थे.
इसी क्रम में एक जीप जो सीतामढ़ी से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था तो रूकने का इशारा किया, पर चालक गाड़ी लेकर भागने लगा. पुलिस बल के साथ उस जीप का पीछा कर रोका गया और पूछताछ की गयी. चालक ने अपने आप को यूपी के बस्ती जिला अंतर्गत छावनी बाजार निवासी यशवंत यादव बताया. गाड़ी की कागजात मांगने पर चालक ने जीप नंबर यूपी 53सी/7161 का कोई कागज प्रस्तुत नहीं किया और न कोई संतोषजनक जवाब ही दे पाया. बाद में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही जीप को जब्त कर लिया.
