Sitamarhi News: बेलसंड थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. पीड़िता की मां के आवेदन पर बेलसंड थाना पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने 2 अगस्त 2026 को बेलसंड थाना कांड संख्या 204/26 दर्ज कर नाबालिग की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
Belsand News: नहाकर लौटी मां तो घर से गायब मिली बेटी
पीड़िता की मां ने आवेदन में बताया कि 24 जुलाई 2026 को दिन के करीब 11:30 बजे वह स्नान करने गई थीं. उस समय उनकी बेटी घर पर मौजूद थी. स्नान और पूजा-पाठ के बाद जब वह वापस लौटीं तो बेटी घर में नहीं मिली. परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिला.
छह लोगों पर अपहरण की साजिश का आरोप
आवेदन के अनुसार, अगले दिन परिजनों को जानकारी मिली कि घटना के पीछे साजिश हो सकती है. पीड़िता की मां ने रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के थूम्मा गांव निवासी विकास कुमार उर्फ राजा, रामप्रवेश पंडित, फूलमती देवी, रानी कुमारी तथा मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के डीहजीवर गांव निवासी कुल्हिया देवी और अंजिला कुमारी को नामजद करते हुए आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर उनकी नाबालिग पुत्री का अपहरण किया है.
पुलिस ने शुरू की छानबीन
बेलसंड थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और नाबालिग की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: सुप्पी में मधुश्रावणी पर्व की धूम, नवविवाहिताओं ने नाग देवता की पूजा कर अखंड सौभाग्य की मांगी कामना
