दो लोडेड पिस्टल, छह कारतूस, बाइक व दो मोबाइल बरामद
परशुरामपुर बाजार के पास पुलिस को वाहन जांच में मिली सफलता
रीगा चौक पर आपराधिक वारदात को अंजाम देने की थी योजना
सीतामढ़ी/परसौनी : जिले की परसौनी थाने की पुलिस ने सोमवार की देर शाम वाहन जांच के क्रम में परशुरामपुर बाजार के पास से एक बाइक पर सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है. तलाशी के क्रम में दोनों के पास से दो लोडेड देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, ब्लू रंग की अपाचे बाइक एवं दो मोबाइल बरामद किया गया है.
गिरफ्तार युवक की पहचान रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के सुमौती गांव निवासी देवनंदन महतो के पुत्र इंदल कुमार (22) एवं रामा महतो उर्फ रामानंद महतो के पुत्र छोटू कुमार उर्फ छोटन (20) के रूप में की गयी है. सदर एसडीपीओ डॉ कुमार वीर धीरेंद्र ने बताया कि परसौनी थानाध्यक्ष प्रमोद प्रसाद को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक आर्म्स एवं कारतूस के साथ परसौनी-रीगा रोड होते रीगा चौक पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देनेवाले हैं.
सूचना पर तत्काल विशेष टीम का गठन कर परसौनी-रीगा रोड में परशुरामपुर बाजार के पास नाका लगाकर वाहन जांच शुरू किया गया. इसी क्रम में ब्लू रंग की अपाचे बाइक पर सवार उक्त दोनों युवक वहां आ धमके, जो पुलिस को देखकर भागने लगे. हालांकि मौके पर मौजूद जवानों ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया. इस संबंध में परसौनी थाना में आर्म्स अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. टीम में दारोगा अरविंद कुमार के साथ जवान रामधीन कुमार, ललित कुमार कामत व कृष्णा प्रसाद भी शामिल थे.
