Shekhpura News: (सत्येंद्र कुमार की रिपोर्ट) शेखपुरा में आयोजित “सहयोग शिविर” में शामिल होने पहुँचीं जिला प्रभारी सह सामाजिक कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता ने इसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आकांक्षी योजना बताया. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है.
मंत्री ने कहा कि पहले भी सरकार द्वारा जनसमस्याओं के समाधान के प्रयास किए जाते थे, लेकिन उसमें समय-सीमा तय नहीं थी. इसी कारण लोगों को समय पर न्याय और समाधान नहीं मिल पाता था. अब एनडीए सरकार ने सभी अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाते हुए 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का दायित्व सौंपा है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा में समाधान नहीं होने पर अधिकारियों को उसका स्पष्ट कारण बताना होगा, अन्यथा उन्हें स्वतः निलंबित माना जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सहयोग शिविर के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर जोर
जिले के विभिन्न पंचायतों में प्रत्येक महीने के तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में बरबीघा प्रखंड के सर्वा पंचायत में आयोजित शिविर में मंत्री ने भाग लिया और अन्य पंचायतों में लगे शिविरों का भी निरीक्षण किया.
पटना से आगमन पर जिलाधिकारी शेखर आनंद सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनके प्रथम जिला दौरे पर गर्मजोशी से अभिनंदन किया.
“हर घर नल योजना” को लेकर सबसे अधिक शिकायतें
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि सहयोग शिविरों में सबसे अधिक शिकायतें “हर घर नल योजना” से संबंधित मिल रही हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला स्तर पर सभी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जिला प्रभारी बनने के बाद यहां की हर समस्या उनकी अपनी जिम्मेदारी है और वे लगातार इसके समाधान के लिए कार्य करेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं के प्रति लापरवाही बरतेंगे, उन्हें जवाबदेह बनाया जाएगा.
योजनाओं के क्रियान्वयन पर सरकार की नजर
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है. उन्होंने कहा कि शिवहर की मूल निवासी होने के बावजूद अब शेखपुरा जिला भी उनके लिए अपना है, इसलिए यहां की हर समस्या को वे व्यक्तिगत रूप से देख रही हैं और समाधान सुनिश्चित करेंगी.
