Sheikhpura News : देश को टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह मुक्त करने के संकल्प के साथ आज शेखपुरा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई. रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल पल्स तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, शेखपुरा के संयुक्त तत्वावधान में 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत टीबी से पीड़ित मरीजों के लिए एक विशेष पोषण सहायता शिविर का आयोजन किया गया.
इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डीएम शेखर आनंद ने किया. कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. आर. पी. सिंह द्वारा जिला पदाधिकारी शेखर आनंद, सिविल सर्जन तथा अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार को शॉल, स्मृति चिन्ह और 'जल-जीवन-हरियाली' का प्रतीक पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया.
वर्ष 2028 तक जिले को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प
शिविर को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह मुहिम भारत सरकार की एक अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है. उन्होंने दृढ़ संकल्प दोहराते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य वर्ष 2028 तक शेखपुरा जिले को पूरी तरह से टीबी मुक्त बनाना है. इसके लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है.
जिला पदाधिकारी ने बताया कि टीबी रोगियों को दवाइयों के साथ-साथ बेहतर पोषण मिलना बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से आज के इस विशेष शिविर में कुल 200 टीबी रोगियों के बीच पौष्टिक आहार किट (न्यूट्रिशन सप्लीमेंट) का वितरण किया गया, ताकि सभी मरीज जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें.
सभी पंचायतों में किया जा रहा है सघन स्क्रीनिंग का कार्य
स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिले को टीबी मुक्त करने के लिए जमीनी स्तर पर बड़े पैमाने पर काम चल रहा है. जिले की विभिन्न पंचायतों में जाकर संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने आश्वस्त किया है कि बहुत जल्द जिले की सभी पंचायतों में स्क्रीनिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा, ताकि एक भी संक्रमित व्यक्ति समय पर इलाज से वंचित न रहे.
इस मानवीय अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे. कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी सचिव डॉ. आर. पी. सिंह, चेयरमैन डॉ. एम. पी. सिंह, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. मृगेंद्र प्रसाद सिंह, इनके अलावा रेडक्रॉस सोसायटी के अन्य सम्मानित डॉक्टर, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे. सभी ने इस मानवीय पहल की सराहना की और जिले को टीबी मुक्त बनाने में अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.
Also Read : आरा: ऑटो और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम; पांच लोग घायल
