Shiekhpura News : पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने शेखपुरा–शाहपुर सड़क को घंटों जाम रखा. अरियरी प्रखंड के जखौर गांव के ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किये जाने से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस वजह से बड़ी संख्यां में लोग घंटों सड़क जाम में फंसे रहे. सनैया पंचायत के जखौर गांव के ग्रामीणों के इस आन्दोलन में बड़ी संख्यां में महिलाएं और पुरुष जखौर मोड़ को जाम कर अपना आक्रोश जताया. सड़क जाम कर रहे लोगों में ज्यादातर महिलाएं थी, जो कि अपनी हाथों में पानी का बर्तन ले रखी थी.
ग्रामीणों ने लगभग 2 घंटों तक मुख्य सड़क को जाम रखा. जिसके कारण कांवरियों से लदे कई छोटे-बड़े वाहनों सहित बड़ी संख्या में राहगीर व यात्री जाम में फंसे रहे. जाम कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि गांव में सरकार द्वारा हर घर नल का जल योजना के तहत पानी आपूर्ति करने हेतु स्थापित किये गए जलापूर्ति केंद्र के बोरिंग का जल स्तर काफी नीचे खिसक जाने के कारण केंद्र का बोरिंग फेल हो गया है. जल स्तर नीचे चले जाने के कारण पूरे गांव में पेयजलापूर्ति ठप्प है.
गुहार लगाने के बाद भी नहीं हुआ सुधार
खराब पड़े जलापूर्ति को चालू करने हेतु स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा ठेकेदार से गुहार लगाई गई. लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी कोई सुधार नहीं आया. गांव के लोग पीने का पानी खेत खंधा में फसलों के पटवन हेतु गाड़े गए बोरिंग पर जाकर लाने को विवश है. ग्रामीणों ने कहा कि पेयजलापूर्ति केंद्र के बोरिंग में अतिरिक्त पाइप नीचे झुलाने के बाद यह परेशानी दूर हो सकती है.
थानाध्यक्ष ने समझा-बुझाकर हटवाया जाम
बाद में सड़क जाम की खबर सुनने के बाद अरियरी थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम हटवाया.
