Sheikhpura News : शेखपुरा में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ प्रदर्शन किया और इस मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की. बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यालय से युवा नेता राहुल कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने हाथों में विभिन्न नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे.
कांग्रेस के कार्यकर्ता सनातन धर्म के नाम पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने और राम मंदिर का करोड़ों रुपये का चढ़ावा चोरी करने के खिलाफ राम मंदिर ट्रस्ट के चंपत राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे.
पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के खिलाफ लगाए नारे
पार्टी कार्यालय से निकला कार्यकर्ताओं का जत्था देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग कर रहा था. इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे. इनमें कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष शिवशंकर महतो, राजेश रंजन उर्फ गुरु जी, विपिन चौरसिया, पप्पू राज मंडल, प्रेम कुमार, भैया जी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे.
जमीन खरीद-बिक्री में भी लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी में अब तक की गई कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कहा कि इसमें मात्र छोटी मछलियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि इस घटना में राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है.
उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की इस घटना के अलावा अयोध्या में जमीन खरीद में भी करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है. दो करोड़ की जमीन 17-18 करोड़ रुपये में खरीदी गई है. उन्होंने इसे सनातन धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ और देश की 140 करोड़ की आबादी के साथ विश्वासघात बताया.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
