शेखपुरा बार एसोसिएशन बनेगा हाईटेक, वातानुकूलित भवन से लेकर जूनियर अधिवक्ता भवन तक की योजना

Sheikhpura Bar Association : शेखपुरा बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए 1 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी वार्षिक कार्य योजना प्रस्तुत की है. इसमें संघ भवन का पूर्ण वातानुकूलन, हाई-पावर जनरेटर और जूनियर अधिवक्ताओं के लिए नए भवन का निर्माण शामिल है. यह योजना राज्य के सर्वोच्च संघ बनने के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

Sheikhpura Bar Association : शेखपुरा में जिला विधिज्ञ संघ द्वारा अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए शनिवार को एक करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना प्रस्तुत की गई. जिला विधिज्ञ संघ भवन को पूरी तरह वातानुकूलित बनाने, हाई पावर के जनरेटर लगाने के साथ-साथ अनलिमिटेड कैपेसिटी के आरओ वाटर प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया.

संघ के नए अधिवक्ताओं को बैठने के लिए एक जूनियर अधिवक्ता भवन भी बनाने का निर्णय लिया गया. जिला विधिज्ञ संघ के द्विवार्षिक चुनाव संपन्न होने के बाद शनिवार को संघ के अधिवक्ताओं की पहली आमसभा आयोजित की गई.

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत और सम्मान

संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रमौली यादव की अध्यक्षता में आयोजित आमसभा में महासचिव विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष नैला बेगम और वीरेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव नागेश्वर प्रसाद और शांति कुमारी, सहायक सचिव अनंत कुमार, कोषाध्यक्ष शकील अहमद, पूर्व महासचिव विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित हुए.

आमसभा में सर्वप्रथम नवनिर्वाचित अध्यक्ष और महासचिव को सम्मानित किया गया. उसके बाद अधिवक्ता अवधेश झा द्वारा स्वस्तिवाचन करने के बाद महासचिव विनोद कुमार सिंह द्वारा आगामी साल के लिए कार्य योजना प्रस्तुत की गई.

आय अर्जन के स्रोत और राज्य का सर्वोच्च संघ बनाने का दावा

उन्होंने इन योजनाओं को अमल में लाने के लिए विभिन्न प्रकार से आय अर्जन के बारे में भी अधिवक्ताओं को जानकारी दी. बताया कि यह संघ की आमदनी विभिन्न प्रकार के कागजातों की बिक्री से की जाएगी. इसके अलावा निर्माण कार्यों के लिए विधायक और सांसद, पार्षद आदि से अनुनय-विनय कर राशि की व्यवस्था की जाएगी.

उन्होंने जिला विधिज्ञ संघ को पूरी तरह सुसज्जित करते हुए इसे राज्य का सर्वोच्च संघ बनाने का दावा किया.

मुक्कमल व्यवस्था और अलग काउंटर बनाने का आश्वासन

न्यायालय कार्य के लिए आने वाले लोगों को वकालतनामा सहित शपथ पत्र और अन्य कागजात की खरीद के लिए अलग से काउंटर बनाने, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल आदि की व्यवस्था को सुदृढ़ करने का आश्वासन भी दिया गया.

प्रत्येक महीने आमसभा और आय-व्यय का लेखा-जोखा

अधिवक्ताओं की आमसभा में करतल ध्वनि के बीच प्रत्येक महीने आमसभा आयोजित कर सभी प्रकार के संघ के आय-व्यय का लेखा-जोखा देने के साथ-साथ अधिवक्ताओं के सुख-दुख पर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया गया.

Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >