शेखपुरा : श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, SDO ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश

Sheikhpura News : शेखपुरा अनुमंडल कार्यालय में भूमि विवादों के त्वरित समाधान, कानून व्यवस्था की मजबूती और आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई. एसडीओ प्रियंका कुमारी ने विभिन्न महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए.

Sheikhpura News : शेखपुरा अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ प्रियंका कुमारी की अध्यक्षता में भूमि विवाद, कानून व्यवस्था और आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष मुख्य रूप से उपस्थित थे. इस मौके पर एसडीओ ने भूमि विवादों के त्वरित समाधान, लंबित मामलों के निष्पादन और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए.

भूमि विवादों के त्वरित निपटारे का निर्देश

उन्होंने कहा कि बैठक में भूमि से जुड़े विभिन्न संवेदनशील मामलों पर गहन चर्चा की गई. एसडीओ ने जमीन से जुड़े विवादों को आपसी सहमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द सुलझाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमीन बंटवारे और मापी (पैमाइश) के मामलों को लंबित न रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर ससमय पूरा करने का निर्देश दिया ताकि पारिवारिक या आपसी विवाद भविष्य में हिंसक रूप न ले सकें.

इसके साथ ही सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

संदिग्ध तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई और सहयोग शिविर की समीक्षा

शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित भूमि विवादों को टालने के लिए संबंधित संदिग्ध व अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध धारा 126 और 163 के तहत कठोर एवं त्वरित निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया. उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर के अंतर्गत जितने भी आवेदन वर्तमान में लंबित हैं, संबंधित पदाधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर उनकी गहन जांच करें. केवल कागजी खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए.

आवेदनों का निष्पादन पूरी तरह से पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि आम जनता को समय पर वास्तविक राहत मिल सके. एसडीओ ने पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया. सभी थानों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित वारंटों का ससमय और शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे.

श्रावणी मेला को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश

आगामी पावन श्रावणी मेला को देखते हुए एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, सुगम यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं के मद्देनजर अपने-अपने स्तर से ठोस कार्रवाई जल्द शुरू करने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और संबंधित विभिन्न विभागों के अन्य प्रशासनिक कर्मी मुख्य रूप से मौजूद थे.

Also Read : आरा: ऑटो और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम; पांच लोग घायल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >