शेखपुरा: नींबू विक्रेता हत्याकांड का खुलासा,मोबाइल चोरी के शक में पीट-पीटकर की थी हत्या, चार धराए

शेखपुरा में मोबाइल चोरी के शक में नींबू विक्रेता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने 15 दिनों के भीतर मुख्य आरोपी सोनू कुमार और तीन नाबालिगों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. वारदात में प्रयुक्त डंडे और कपड़े बरामद किए गए हैं.

Sheikhpura News : बरबीघा थाना क्षेत्र के नारायणपुर मोहल्ला में हुए नींबू विक्रेता सुरेंद्र केवट हत्याकांड का पुलिस ने 15 दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है. मामले में मुख्य आरोपी सोनू कुमार और तीन नाबालिग सहित कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, मोबाइल चोरी के शक में सुरेंद्र केवट की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई.

खेत में मिली थी नग्न अवस्था में लाश

एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 7 जुलाई की सुबह बरबीघा रेलवे स्टेशन के पास नारायणपुर खंधा स्थित खेत से 50 वर्षीय सुरेंद्र केवट का नग्न शव बरामद हुआ था. बाद में उनकी पहचान नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के तकियाकला निवासी स्व. टेकन केवट के पुत्र के रूप में हुई. वह पिछले 20 वर्षों से बरबीघा थाना चौक पर नींबू बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे.

मोबाइल चोरी के शक में बनाई हत्या की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात सुरेंद्र केवट कथित रूप से मुख्य आरोपी सोनू कुमार के घर में घुस गए थे. सोनू कुमार को कुछ दिन पहले मोबाइल चोरी होने का संदेह था. उसने सुरेंद्र केवट पर चोरी का शक करते हुए अपने तीन नाबालिग साथियों को बुलाया और उन्हें खेत की ओर ले जाकर डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई.

एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज से सुलझाया मामला

एएसपी ने बताया कि एसपी हिमांशु कुमार के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया था. जांच के दौरान एक दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई और कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. एक फुटेज में सोनू कुमार और दो नाबालिगों को सुरेंद्र केवट का हाथ बांधकर रेलवे स्टेशन की ओर ले जाते हुए देखा गया. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को उसके ससुराल दरियाचक से गिरफ्तार कर लिया.

साक्ष्य मिटाने की भी की थी कोशिश

पूछताछ में आरोपी ने हत्या में शामिल अन्य नाबालिगों के नाम भी बताए. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपितों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक के कपड़े उतारकर पास के एक वीरान घर के करकट पर फेंक दिए थे. पुलिस ने मृतक के कपड़े, आरोपितों द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े और वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है.

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दो मामले

एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी सोनू कुमार के विरुद्ध पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने कहा कि जल्द ही पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपपत्र दाखिल कर आरोपितों को न्यायालय से सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बिहारशरीफ: ट्रेड लाइसेंस के लिए विशेष अभियान शुरू, शिविर लगाकर व्यापारियों को किया जागरूक


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Umesh Kumar

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >