शेखपुरा : हरोहर नदी का जलस्तर बढ़ा, घाटकुसुम्भा में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट

Sheikhpura News : शेखपुरा के घाटकुसुम्भा में हरोहर नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट पर है. संभावित बाढ़ को देखते हुए बचाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के बाढ़ प्रभावित घाटकुसुम्भा प्रखंड से होकर गुजरने वाली हरोहर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने लगा है. हालांकि जिले में अब भी पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेतों में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है और किसान धान की रोपनी व बिचड़ा बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. इसके बावजूद पड़ोसी जिलों नालंदा, लखीसराय और पटना की विभिन्न नदियों से आने वाले पानी के दबाव के कारण हरोहर नदी में जलस्तर बढ़ रहा है. फिलहाल नदी का पानी खतरे के निशान से नीचे है और किसी प्रकार की बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है. इसके बावजूद जलस्तर में लगातार वृद्धि स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

संभावित बाढ़ को लेकर सतर्कता

घाटकुसुम्भा प्रखंड को प्रशासन द्वारा पहले से ही जलजमाव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है. ऐसे में ग्रामीण संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए सतर्क हैं. इधर, अंचल प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

अफवाहों से दूर रहने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने की अपील की है. इसके साथ ही निचले इलाकों के लोगों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. नदी तटीय क्षेत्रों में सुरक्षात्मक उपायों की भी समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जनहानि को रोका जा सके और समय रहते सुरक्षित कदम उठाए जा सकें.

Also Read : बिहार स्टेट ओलंपिक ट्रायल में शेखपुरा के 11 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, टीम मुजफ्फरपुर रवाना


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjeet kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >